Ranchi: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से जुड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। इस केस में नामजद विनय चौबे, विनय सिंह और उनके परिजनों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ते हुए ACB ने दो कारोबारियों को जांच के दायरे में लिया है। एजेंसी ने कारोबारी श्रवण जालान और दुमका निवासी नवीन पटवारी को नोटिस जारी कर सोमवार को ACB कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
Highlights:
ACB को छापेमारी के दौरान मिले है कई अहम दस्तावेज
जांच के दौरान ACB को संकेत मिले हैं कि कथित अवैध राशि को अलग-अलग माध्यमों से इधर-उधर करने में श्रवण जालान की भूमिका हो सकती है। इसी क्रम में पहले उनके कांटाटोली सराय रोड स्थित आवास और हरमू बाइपास स्थित कार्यालय पर छापेमारी की गई थी, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद नवीन पटवारी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है, जिस कारण उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

