Bihar Politics News: बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इस बार मुद्दा है दोहरी वोटर आईडी का, जिसे लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी का आरोप है कि चुनाव आयोग, बीजेपी की “बी टीम” बनकर काम कर रहा है और गरीब, दलित, अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के नाम साजिशन वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं।
Highlights:
तेजस्वी यादव ने यह प्रतिक्रिया उस खुलासे के बाद दी, जिसमें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद बीना देवी और उनके पति जेडीयू के एमएलसी दिनेश सिंह के नाम दो-दो वोटर आईडी पाए गए हैं। उन्होंने कहा, “जब सत्ता में बैठे लोगों की ये स्थिति है, तो आम जनता के साथ कितना बड़ा खिलवाड़ हो रहा होगा, इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है।”
Bihar Politics News: मृत लोगों के नाम अभी भी सूची में दर्ज-तेजस्वी
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि कई जीवित लोगों को मृतक घोषित कर वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया है, जबकि जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम अभी भी सूची में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के साथ मज़ाक है और इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।
राजद नेता ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर अब जनता को भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा, “हमें सुप्रीम कोर्ट से न्याय की उम्मीद है, वहीं से सच्चाई सामने आएगी।” वहीं, जब उनसे राजद के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव को हाईकोर्ट से राहत मिलने के बारे में पूछा गया, तो तेजस्वी ने साफ शब्दों में कहा कि यह मामला न्यायालय के अधीन है और इस पर वे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

