Bokaro Missing Girls Case: सेजल झा 5 साल से और पुष्पा कुमारी 7 महीने से गायब हैं। पुलिस और CID जांच में जुटी है।
Bokaro Missing Girls Case: झारखंड के बोकारो जिला स्थित पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से दो लड़कियों के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। एक ओर जहां सेजल झा पिछले पांच सालों से गायब है, वहीं दूसरी ओर पुष्पा कुमारी पिछले सात महीनों से लापता है। दोनों मामलों में पुलिस की लगातार जांच के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
Highlights:
जानकारी के मुताबिक, गिरधरटांड गांव की रहने वाली सेजल झा 16 अक्टूबर 2020 को सुबह करीब पौने ग्यारह बजे साइकिल से ट्यूशन पढ़ने कुरमा गांव जा रही थी। घर से निकलने के महज 15 मिनट बाद सड़क किनारे उसकी साइकिल, चप्पल और किताबें बिखरी हुई मिलीं। ट्रैक्टर चालक ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन एसपी चंदन झा ने एसआईटी का गठन किया। बाद में यह मामला डीजीपी स्तर तक पहुंचा और कई राज्यों में छापेमारी भी की गई, लेकिन सेजल का अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
वहीं, इसी थाना क्षेत्र के खुटाडीह गांव की 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी 21 जुलाई 2025 को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की, मगर सात महीने बाद भी पुष्पा का कोई पता नहीं चल पाया है।
फिलहाल सेजल मामले की जांच CID को सौंप दी गई है, जबकि स्थानीय पुलिस पुष्पा की तलाश में जुटी हुई है। लगातार दो छात्राओं के गायब होने से ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। परिजन जल्द कार्रवाई और बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
ALSO READ:http://Dhanbad Nagar Nikay Chunav 2026: मेयर चुनाव में बड़ा…

