Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय राउंड टेबल बैठक में झारखंड के सतत और समावेशी विकास के विजन को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखा। “Delivering Sustainability at Scale: Pathways for Global Transformation” विषय पर आयोजित इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड अब केवल खनिज संसाधनों के दोहन तक सीमित नहीं रहना चाहता।
Highlights:
Hemant Soren ने कौशल विकास और सामाजिक समावेशन पर बल दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य खनिजों के मूल्य संवर्धन, जिम्मेदार औद्योगिकीकरण और जन-केंद्रित नीतियों के जरिए रोजगार सृजन को बढ़ाना है, ताकि विकास का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचे। उन्होंने सततता को केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित न मानते हुए इसे आजीविका, कौशल विकास और सामाजिक समावेशन से जोड़ने पर बल दिया, खासकर आदिवासी और स्थानीय समुदायों के लिए।
उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा, हरित तकनीक, डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्री और मानव संसाधन विकास से जुड़ी पहलों का उल्लेख किया। साथ ही झारखंड की अपार पर्यटन संभावनाओं-इको-टूरिज्म, प्रकृति और सांस्कृतिक पर्यटन को रोजगार और संरक्षण का मजबूत माध्यम बताया। मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों को झारखंड के साथ दीर्घकालिक, जिम्मेदार साझेदारी का आमंत्रण दिया।

