Shibu Soren Jayanti: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती इस बार झारखंड के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक दोनों रही। यह पहला अवसर है जब राज्य उनके बिना उनकी जयंती मना रहा है। राजधानी रांची स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुजी को नमन करते हुए उनके संघर्ष, विचार और आदर्शों को याद किया।
Highlights:
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि झारखंड की मिट्टी संघर्ष और बलिदान की प्रतीक रही है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और दिशोम गुरु जैसे नेताओं ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि गुरुजी की एक आवाज पर आदिवासी-मूलवासी सड़कों पर उतर आते थे और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते थे।
Shibu Soren Jayanti: 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मिलेगा
सीएम ने कहा कि राज्य में अपार संभावनाएं हैं और सरकार शिक्षा, खेल, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को मजबूत करने का काम कर रही है। गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, विदेश शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप, पुस्तकालय और उत्कृष्ट विद्यालय इसी सोच का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है जहां मात्र 4 प्रतिशत ब्याज पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सिर्फ सरकारी नौकरियों पर निर्भर न रहें, बल्कि अपनी प्रतिभा से देश-दुनिया में पहचान बनाएं।

