19.9 C
Jharkhand
Saturday, March 7, 2026

Dhanbad Municipal Election Violence: वार्ड 27 के बूथों पर हंगामा, प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प

Dhanbad Municipal Election Violence:धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 27 के कई बूथों पर हंगामा और झड़प। पुष्पा देवी और पिंकी उर्मिला देवी के समर्थकों में विवाद

धनबाद: झारखंड के धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान कई इलाकों से तनाव और झड़प की खबरें सामने आई हैं। खासकर वार्ड संख्या 27 के कई बूथों पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को बूथों से हटाया।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, वार्ड 27 के बूथ नंबर 06, 110, 111 और 112 पर यह विवाद हुआ। यहां पार्षद पद की उम्मीदवार पुष्पा देवी और पिंकी उर्मिला देवी के समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मतदान दोबारा सामान्य तरीके से शुरू हो सका।

घटना के बाद पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पिंकी उर्मिला देवी मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही थीं। उनका कहना है कि पिंकी देवी बीएलओ के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं और इसी का फायदा उठाकर वोटरों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही थीं।

संजय कुमार सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उनके एक सहयोगी रमेश कुमार सिंह को कॉलर पकड़कर बूथ से बाहर कर दिया गया। उनके मुताबिक, यह सब योजनाबद्ध तरीके से किया गया ताकि उनके समर्थकों को मतदान से रोका जा सके। वहीं दूसरी ओर पिंकी उर्मिला देवी के समर्थकों ने इन आरोपों को खारिज किया है। पिंकी देवी के अभिकर्ता के रूप में मौजूद प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि संजय कुमार सिंह बाहरी लोगों को लाकर मतदान करवाने की कोशिश कर रहे थे। प्रमोद यादव के अनुसार, जब उन्हें रोका गया तो विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए ही उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ा।

धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 22 के बूथ नंबर 13 और 14 पर भी भारी हंगामा देखने को मिला। यहां प्रत्याशी शिल्पी सिंह के भाई राज आनंद अपने समर्थकों के साथ बूथ पर पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राज आनंद बूथ लूटने की कोशिश कर रहे थे। इससे नाराज मतदाताओं ने उनका विरोध किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया और मारपीट भी हुई।

बताया जा रहा है कि राज आनंद अपनी गाड़ी छोड़कर किसी तरह वहां से भाग निकले। इस दौरान भीड़ ने उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उस समय पुलिस मूकदर्शक बनी रही और समय पर हस्तक्षेप नहीं किया। हालांकि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान कई इलाकों से प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनाव और झड़प की खबरें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तरह अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों में डर कम दिखाई दे रहा है।

इसके बावजूद प्रशासन का दावा है कि अधिकांश जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

ALSO READ:http://Jharkhand Nikay Chunav Voting 2026: मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने…

Must Read

- Advertisement -

Trending

Popular