Ranchi: रांची से झारखंड पर्यटन को नई उड़ान देने की बड़ी पहल सामने आई है। राज्य सरकार झारखंड के पर्यटन को देश-दुनिया में मजबूती से स्थापित करने के लिए भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने की तैयारी में है। इसे लेकर पर्यटन विभाग और एमएस धोनी के बीच जल्द ही एमओयू साइन होने की संभावना है।
Highlights:
MS Dhoni ने सहमति जता दी है
सरकार ने झारखंड के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार के उद्देश्य से धोनी को प्रस्ताव भेजा था, जिस पर उन्होंने सैद्धांतिक सहमति जता दी है। इसके बाद विभागीय स्तर पर औपचारिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
पर्यटन विभाग का मानना है कि धोनी जैसी अंतरराष्ट्रीय पहचान से राज्य के प्राकृतिक, धार्मिक और साहसिक पर्यटन स्थलों को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी। झारखंड से जुड़ाव और लोकप्रियता के कारण धोनी राज्य की ब्रांड वैल्यू बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इससे पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बल मिलने की उम्मीद है।

