Jharkhand News: रांची शहर में अनाधिकृत निर्माण, अतिक्रमण और बिना अनुमति चल रहे व्यवसायों के खिलाफ रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासक के निर्देश पर नगर निगम की टीम लगातार निरीक्षण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रविवार को वार्ड संख्या–01 अंतर्गत कांके रोड, जवाहर नगर और मिशन गली में तीन भवनों का भौतिक सत्यापन किया गया, जहां गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
Highlights:
Jharkhand News: 24 घंटे के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस जारी
निरीक्षण में एक भवन में Innovative Retail Concept Pvt. Ltd. द्वारा बिना स्वीकृत नक्शे के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित मिलीं। दूसरे मामले में हीरामनी देवी द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था, जिसके लिए कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। तीसरे भवन, लेक कैसल बिल्डिंग में बिना ट्रेड लाइसेंस और भवन स्वीकृति के होटल संचालन पाया गया।
नगर निगम ने संबंधित पक्षों को 24 घंटे के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया है। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 और भवन उपविधि 2016 के तहत कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि भवन सील करने की चेतावनी दी गई है।

