CM Hemant Soren: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लंदन में नवीन जिंदल समूह के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर झारखंड में निवेश और सहयोग को लेकर अहम चर्चा की। यह बैठक 2 जनवरी 2026 को रांची में मुख्यमंत्री और उद्योगपति नवीन जिंदल के बीच हुई बातचीत की अगली कड़ी मानी जा रही है। दोनों पक्षों ने राज्य के दीर्घकालिक और सतत औद्योगिक विकास को मजबूत करने पर साझा दृष्टिकोण रखा।
Highlights:
CM Hemant Soren से इस्पात उद्योग समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान इस्पात उद्योग, स्वच्छ ऊर्जा, बिजली अवसंरचना, कौशल प्रशिक्षण और सतत विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। नवीन जिंदल समूह ने झारखंड में स्टील उत्पादन, ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं और पावर सेक्टर में संभावित निवेश को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। यह प्रस्ताव भारत की कम-कार्बन अर्थव्यवस्था और ऊर्जा संक्रमण के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप बताया गया।
इसके साथ ही उच्च शिक्षा और कौशल विकास पर भी चर्चा हुई। मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना की सराहना करते हुए समूह ने झारखंड के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में सहयोग की इच्छा जताई। माना जा रहा है कि यह साझेदारी राज्य में रोजगार सृजन, हरित औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए नए अवसर खोलने में अहम भूमिका निभाएगी।

