Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 पद भरे जाएंगे। आयोग ने योग्य भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
Highlights:
JPSC सिविल सेवा के लिए 31 जनवरी से आवेदन
आवेदन प्रक्रिया वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) के जरिए होगी। ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होकर 14 फरवरी 2026 की शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 तय की गई है। सभी आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jpsc.gov.in पर ही मान्य होंगे।
इस परीक्षा के जरिए उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक समेत कई प्रशासनिक सेवाओं में नियुक्ति की जाएगी। पदों का आवंटन आरक्षण नियमों के अनुसार किया जाएगा, जिसमें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण भी शामिल है।

