Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। आरा से सासाराम जा रही पैसेंजर ट्रेन उदवंतनगर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर खड़े कृषि यंत्र रोटावेटर से टकरा गई। टक्कर के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
Highlights:
Bihar News: रेलवे सुरक्षा बल और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची
रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन सुबह 7:44 बजे आरा स्टेशन से रवाना हुई थी और करीब 7:54 बजे यह हादसा हुआ। शुरुआत में टक्कर ट्रैक्टर से होने की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि ट्रेन रोटावेटर से टकराई थी। चालक ने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन पटरी से उतरने से बच गई।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की जांच के बाद परिचालन सामान्य किया गया। रेलवे प्रशासन यह जांच कर रहा है कि कृषि यंत्र ट्रैक तक कैसे पहुंचा।

