Ranchi: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन (Ramdas Soren)की तबीयत में फिलहाल कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ है, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उनका इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी स्थिति पर निगरानी रखे हुए है। मंगलवार को भी उनके ऑपरेशन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। अब बुधवार दोपहर बाद दो बजे एक उच्च स्तरीय मेडिकल बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट की समीक्षा कर आगे के उपचार पर निर्णय लिया जाएगा।
Highlights:
डॉक्टरों के अनुसार, जब तक मंत्री की स्थिति में सुधार नहीं होता, ऑपरेशन संभव नहीं है। फिलहाल उन्हें होश नहीं आया है और वे पूरी तरह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अपोलो अस्पताल की विशेषज्ञ टीम उनकी स्थिति को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही है।
बाथरूम में गिरकर चोटिल हुए थे Ramdas Soren
बता दें कि शनिवार सुबह रामदास सोरेन को अचानक ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद वे बाथरूम में गिर गए थे। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल जमशेदपुर से एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया। अपोलो अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, जहां से हर घंटे उनकी स्थिति की जानकारी ली जा रही है।
उनके स्वास्थ्य को लेकर न सिर्फ परिवार बल्कि सरकार भी चिंतित है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी लगातार उनकी सेहत की जानकारी ले रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पूरे झारखंड में मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं की जार ही हैं।

