Highlights:
Ranchi: झारखंड में इस वर्ष मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अब तक सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रांची में 1 जून से 31 जुलाई तक 993 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 531.2 मिमी है। यानी रांची में अब तक सामान्य से 87 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।
आज मौसम विभाग ने छह जिलों-गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और रामगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Jharkhand Weather Alert: 3 से 7 अगस्त तक गरज के साथ बारिश का अनुमान
रांची में 3 से 7 अगस्त तक गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश के आसार हैं। 3 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 6 और 7 अगस्त को हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बीते 24 घंटे में पूर्वी टुंडी (धनबाद) में सर्वाधिक 96 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रांची में 24 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस बार झारखंड में मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक लगभग सभी जिलों में सामान्य से 50% अधिक वर्षा हो चुकी है। अगर बारिश का यह सिलसिला सितंबर तक जारी रहा, तो नया वर्षा रिकॉर्ड बनने की संभावना है। हालांकि 15 अगस्त के बाद कुछ दिनों के लिए बारिश में ठहराव आ सकता है।












