Patna : पटना उच्च न्यायालय (Patna Highcourt) के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति पवन कुमार भीमप्पा बजंथरी ने रविवार को शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कैबिनेट के कई सदस्य और न्यायपालिका के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Highlights:
Patna Highcourt के 46वें मुख्य न्यायाधीश बने
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को न्यायमूर्ति बजंथरी की नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इससे पहले 27 अगस्त 2025 को उन्हें केंद्र सरकार ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया था। अब आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद वे पटना हाईकोर्ट के 46वें मुख्य न्यायाधीश बने हैं।
23 अक्टूबर 1963 को जन्मे न्यायमूर्ति बजंथरी ने शुरुआती शिक्षा धारवाड़ के प्रसिद्ध संस्थान “विद्यावर्धक संघ” से ली और आगे की पढ़ाई कर्नाटक लिंगायत एजुकेशन सोसायटी से जुड़े स्कूलों में की। उन्होंने एस.जे.आर. लॉ कॉलेज, बेंगलुरु से कानून की पढ़ाई पूरी की।
Patna Highcourt : 1990 में कर्नाटक हाईकोर्ट में वकालत शुरू की
1990 में उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट में वकालत शुरू की। 2015 में वे कर्नाटक हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश बने और कुछ समय बाद उनका स्थानांतरण पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हो गया। 2021 में उन्होंने पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। पटना में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शराबबंदी कानून के दुरुपयोग, पारिवारिक विवादों और तलाक मामलों में कई महत्वपूर्ण निर्णय दिए।












