फतेहपुर में बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार मोहन प्रसाद साह को रौंदा। हादसे में दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान। 5 बच्चों के पिता की मौत से इलाके में आक्रोश।
साहिबगंज: झारखंड के Fatehpur में आज एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित एलपी ट्रक ने भीषण तबाही मचा दी। यह हादसा गोविंदपुर–साहिबगंज मुख्य मार्ग पर सांगाजोरी के पास हुआ, जहां ट्रक ने दुकानों, वाहनों और एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुमका की ओर से आ रहा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया। सबसे पहले ट्रक ने एक बिजली के पोल को उखाड़ फेंका और सड़क किनारे खड़े दोपहिया और तिपहिया वाहनों को रौंद दिया
इसी दौरान फतेहपुर निवासी मोहन प्रसाद साह अपनी बाइक के साथ ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक उन्हें काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मोहन प्रसाद साह मूल रूप से देवघर जिले के पालोजोरी (ठेंगाडीह) के रहने वाले थे। वर्तमान में वे फतेहपुर में रहकर पेंटर का काम करते थे और अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और 5 छोटे बच्चे हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय और बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
ALSO READ:http://सिमडेगा: कॉलेज की पहाड़ी पर भीषण आग से हड़कंप,…

