Jharkhand News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने झारखंड आंदोलन के पुरोधा और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक शोक संदेश साझा करते हुए ‘दिशोम गुरु’ को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। चंपई सोरेन ने लिखा, “दिशोम गुरु आदरणीय शिबू सोरेन जी के निधन की दुखद सूचना से शोकाकुल हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। यह एक युग का अंत है।”
Highlights:
Jharkhand News: शिबू सोरेन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे-चंपई सोरेन
उन्होंने अपने संदेश में झारखंड आंदोलन की उस लंबी यात्रा को याद किया जिसमें वे शिबू सोरेन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। चंपई ने बताया कि किस तरह पहाड़ों, जंगलों और सुदूरवर्ती गांवों से लेकर विधानसभा तक, उन्होंने गुरुजी के साथ संघर्ष के दिनों को जिया। उन्होंने कहा, “गुरु जी ने महाजनी प्रथा और नशाखोरी के खिलाफ जो क्रांतिकारी अभियान चलाया, उसने आदिवासी, मूलवासी और शोषित-पीड़ित जनता को नई दिशा दी।”
राजनीतिक दल भले अलग हो चुके हों, लेकिन चंपई का भावनात्मक जुड़ाव शिबू सोरेन से आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि गुरुजी के आदर्श और विचार उनके लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेंगे और झारखंड की आम जनता के अधिकारों के लिए जो संघर्ष उन्होंने शुरू किया था, वह अब भी जारी रहेगा। चंपई सोरेन का यह शोक संदेश न सिर्फ उनके व्यक्तिगत रिश्तों को दर्शाता है, बल्कि झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में दिशोम गुरु की अहम भूमिका को भी रेखांकित करता है।












