Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों और जिलों के एसपी का तबादला किया गया है।
Highlights:
नए आदेश के तहत डीजीपी अनुराग गुप्ता को सीआईडी और ईसीबी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। डीजी वायरलेस प्रशांत सिंह को अब डीजी मुख्यालय का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वहीं, सुमन गुप्ता को रेल एडीजी और प्रिया दुबे को एसीबी की एडीजी की जिम्मेदारी दी गई है।
Jharkhand News: मनोज कौशिक अब आईजी सीआईडी का भी कार्यभार संभालेंगे
रांची आईजी मनोज कौशिक अब आईजी सीआईडी का भी कार्यभार संभालेंगे। क्रांति कुमार गडीदेशी को बोकारो आईजी से स्थानांतरित कर मानवाधिकार आईजी बनाया गया है। नरेंद्र कुमार सिंह को आईजी निगरानी सह सुरक्षा, झारखंड विद्युत बोर्ड की जिम्मेदारी दी गई है। दुमका आईजी शैलेंद्र सिन्हा को पलामू आईजी नियुक्त किया गया है।
सुदर्शन मंडल को आईजी मुख्यालय बनाया गया है और जेल आईजी का प्रभार भी उनके पास रहेगा। सुनील भास्कर बोकारो जोनल आईजी बनाए गए हैं, जबकि पटेल मयूर कन्हैयालाल अब दुमका जोनल आईजी होंगे।
Jharkhand News: राकेश रंजन को रांची का नया एसएसपी बनाया गया
चाईबासा एसपी राकेश रंजन को रांची का नया एसएसपी बनाया गया है, जबकि मौजूदा एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को एसीबी डीआईजी पद पर भेजा गया है। अमित रेनू को चाईबासा एसपी और श्री सौरभ को देवघर एसपी का दायित्व मिला है। पारस राणा रांची के नए सिटी एसपी होंगे और उन्हें जैप-10 का अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया है।
इसके अलावा, राकेश सिंह को रांची का ट्रैफिक एसपी बनाया गया है। कई अन्य अधिकारियों को भी अलग-अलग विभागों और इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। सरकार का मानना है कि इस फेरबदल से पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता में सुधार होगा।












